Hindi News / bihar / gopalganj-news / Bihar News: आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे...

Bihar News: आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी

Bihar News: गोपालगंज जिले में आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे एक 22 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिलने से हड़कंप मच गया है। युवक रोजाना अभ्यास करता था और सेना में जाने का सपना देख रहा था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है, जबकि...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 5:43:49 PM

Bihar News: आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिलने से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना बरौली थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक की पहचान सूरवाल गांव निवासी लोरेक यादव के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। परिवार वालों के मुताबिक सुजीत पिछले कई महीनों से सेना भर्ती की तैयारी में जुटा था। वह रोजाना दौड़ और शारीरिक अभ्यास करता था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही उसका चयन आर्मी में हो जाएगा, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर ने पूरे घर को तोड़कर रख दिया।


बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक पर गई। पास जाकर देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने की कोशिश शुरू की। कुछ देर बाद युवक की पहचान सुजीत कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया।


घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों को अब भी भरोसा नहीं हो रहा कि आर्मी में जाने का सपना देख रहा युवक इस तरह अचानक दुनिया छोड़ देगा।


स्थानीय लोगों के बीच युवक की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई इसे हादसा बता रहा है तो कोई मामले को संदिग्ध मान रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल कुछ भी साफ तौर पर कहने से बच रही है।


मामले को लेकर सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।