Hindi News / bihar / gopalganj-news / मुझको राणा जी माफ करना… पर सजी ‘छोटे सरकार’ की महफिल, अनंत सिंह...

मुझको राणा जी माफ करना… पर सजी ‘छोटे सरकार’ की महफिल, अनंत सिंह के स्वागत में नोटों की बारिश

JDU MLA Anant Singh News: बिहार के गोपालगंज में एक निजी समारोह में मोकामा विधायक Anant Singh का अलग अंदाज देखने को मिला, जहां महफिल, नर्तकियों के डांस और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 04, 2026, 11:26:28 AM

मुझको राणा जी माफ करना… पर सजी ‘छोटे सरकार’ की महफिल, अनंत सिंह के स्वागत में नोटों की बारिश

- फ़ोटो

JDU MLA Anant Singh News: बिहार की सियासत के चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि एक ऐसी ‘राजसी महफिल’ है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अनंत सिंह अपने पुराने अंदाज में दिख रहे हैं, महफिल में बैठे, नर्तकियों का डांस देखते हुए और आसपास उनके समर्थक नोटों की बारिश करते नजर आ रहे हैं।


दरअसल, अनंत सिंह गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ा उपनयन संस्कार था, लेकिन जिस तरह से इस समारोह को सजाया गया, उसने इसे पूरी तरह ‘शाही महफिल’ का रूप दे दिया।


कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकारों की मौजूदगी ने माहौल को और रंगीन बना दिया। मंच पर ‘मुझको राणा जी माफ करना’ और ‘तवायफ कहां किसी से मोहब्बत करती है’ जैसे गानों पर नर्तकियों ने प्रस्तुति दी। इस दौरान अनंत सिंह सामने बैठकर पूरे आयोजन का आनंद लेते नजर आए। उनके समर्थकों ने भी माहौल को और गर्म कर दिया, नोटों की बारिश करते हुए और तालियों के बीच महफिल को जीवंत बना दिया।


लेकिन इस पूरे आयोजन का सबसे विवादित हिस्सा तब सामने आया, जब कुछ समर्थक खुलेआम हथियार लहराते नजर आए। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह के स्वागत में कुछ लोगों ने बंदूकें लहराईं और अपने तरीके से ताकत का प्रदर्शन किया। यह दृश्य सामने आते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।


सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे ‘पुराने जमाने की शान’ बता रहे हैं, तो कई लोग इसे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बता रहे हैं। खासकर सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन लोगों को चौंका रहा है।


हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है, लेकिन मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई है। प्रशासन ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसमें दिख रहे हथियार असली हैं या नहीं और क्या इस दौरान किसी तरह का कानून का उल्लंघन हुआ है।


यह पहली बार नहीं है जब अनंत सिंह अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में आए हों। ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह का व्यक्तित्व हमेशा से ही सुर्खियों में रहा है, चाहे वह राजनीति हो या उनके निजी कार्यक्रम।