Bihar politics : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे “होली का मजाक” करार दिया है। उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
दरअसल, पिछले कुछ घंटों से यह खबरें तेजी से फैल रही थीं कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं और इसके बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन संभव है। इन चर्चाओं ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी थी। लेकिन गिरिराज सिंह ने इन खबरों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि यह सब अफवाहें हैं और होली के मौके पर फैलाया गया एक तरह का मजाक है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि “नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की बात पूरी तरह होली का मजाक है। यह होली के समय की अफवाह है, जिसका कोई राजनीतिक आधार नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री है।
उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल के कुछ घंटों में बिहार में सत्ता संतुलन को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। खासकर एनडीए के भीतर संभावित बदलाव और नेतृत्व को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। ऐसे में गिरिराज सिंह का यह बयान इन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, जेडीयू के भीतर भी इन खबरों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। कुछ नेता इसे महज अफवाह बता रहे थे, जबकि कुछ ने इस पर चुप्पी साध रखी थी। इससे यह साफ हो रहा था कि मामला पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। लेकिन अब भाजपा के वरिष्ठ नेता की ओर से आए बयान ने स्थिति को कुछ हद तक साफ कर दिया है।
बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह भी ध्यान देने वाली बात है कि होली का मजाक जिसको गिरिराज सिंह बता रहे हैं उसी बात को लेकर जेडीयू के एक सीनियर लीडर यह पुष्टि कर रहे हैं कि नीतीश कुमार अपना नामांकन भी दाखिल करेंगे और खुद इस मौके पर अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। हालांकि, यह भी चर्चा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन भी आज राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर रहे हैं लिहाजा वह उनके नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने बिहार आ रहे हैं।
बहरहाल , बिहार की राजनीति में चल रही अटकलें अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। आने वाले घंटों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।





