1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 05, 2026, 1:11:02 PM
- फ़ोटो Reporter
Vietnam President India visit: वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम अपने भारत दौरे के दौरान गया पहुंच गए, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रपति महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर की सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने उन्हें पवित्र खादा पहनाकर सम्मानित किया।
मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति तो लाम गर्भगृह में गए, जहां मुख्य पुजारी भिक्षु चलिंदा ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। पूजा के उपरांत उन्होंने पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे कुछ समय ध्यान साधना की और विश्व शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
राष्ट्रपति तो लाम 80 सदस्यीय उच्चस्तरीय शिष्टमंडल के साथ महाबोधि मंदिर पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर गया में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और वियतनामी पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। इस दौरे को भारत और वियतनाम के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा बौद्ध सांस्कृतिक जुड़ाव को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 मई को सुबह 9 बजे राष्ट्रपति तो लाम का औपचारिक स्वागत राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। दिन में 11:30 बजे हैदराबाद हाउस में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक होगी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कई समझौतों (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा भी उनके दिल्ली में कई अन्य कार्यक्रम निर्धारित हैं।