1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 24, 2026, 7:33:17 PM
गया एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत - फ़ोटो सोशल मीडिया
GAYA: क्रिकेटर सोहैब खान के गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर रविवार को भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट परिसर समर्थकों, परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ से गुलजार रहा। लोगों ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ अपने पसंदीदा खिलाड़ी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर टिकारी विधायक अजय डांगी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमेर खान उर्फ टीका खान समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सोहैब खान के पिता और भाई भी एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान उपस्थित थे।
लोगों का प्यार देखकर भावुक हुए सोहैब खान
मीडिया से बातचीत के दौरान सोहैब खान ने कहा कि गया के लोगों का प्यार और समर्थन देखकर वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि वह एक अंडरडेवलप क्षेत्र से आते हैं, जहां क्रिकेट के लिए पर्याप्त सुविधाएं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं था। बावजूद इसके, अपने जुनून और परिवार के सहयोग के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। सोहैब खान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई और परिवार को देते हुए कहा कि जामिया में मौका मिलने के बाद उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिली और अब उनका लक्ष्य हर स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना है।
बिहार के लिए गर्व का क्षण
सोहैब खान के बड़े भाई ने कहा कि यह गया और पूरे मगध क्षेत्र के लिए गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि इस बार आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप में बिहार से दो खिलाड़ियों — ईशान किशन और सोहैब खान — ने हिस्सा लिया, जो पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बिहार में आईपीएल टीम बनाए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिलने चाहिए।
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं सोहैब: अजय डांगी
टिकारी विधायक अजय डांगी ने कहा कि सोहैब खान ने न सिर्फ गया बल्कि पूरे बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि डुमरिया जैसे क्षेत्र से निकलकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक पहुंचना युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। अजय डांगी ने सोहैब खान की मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।