GAYA: गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाये जाने का मामला सामने आया है। यह फेक व्हाट्सअप अकाउंट +84 376053164 नंबर से बनाया गया है। प्रोफाइल फोटो में गयाजी के डीएम शशांक शुभंकर का फोटो लगाकर मैसेज भेजा रहा था। साइबर ठगों ने डीएम की तस्वीर का इस्तेमाल इस फर्जीवाड़े में किया है। यह व्हाट्सएप अकाउंट पूरी तरह फर्जी है।
इस व्हाट्सएप अकाउंट से जिला स्तरीय कुछ पदाधिकारियों को मैसेज भेजा गया है। गया के ज़िलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों से कहा है कि इस फर्जी व्हाट्सअप अकाउंट से आये मैसेज का जबाब नहीं दें। डीएम ने पुलिस उपाधीक्षक साइबर सिक्योरिटी को संबंधित व्हाट्सअप अकाउंट की जांच करवाते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वही इस संबंध में साइबर डीएसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि यह वर्चुअल नंबर है। मामले की छानबीन जारी है। कंपनी से संपर्क साधा जा रहा है। यह इंटरनेट जेनरेटेड नंबर है। इसका पता आसानी से नहीं चल पाता है। साइबर पुलिस की कार्रवाई चल रही है।





