मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी उन्हें जेड प्लस सुरक्षा मिलती रहेगी। इसको लेकर गृह विभाग (विशेष शाखा) की ओर से पत्र जारी किया गया है। गृह विभाग के इस पत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है। अब इसी पर पलटवार करते हुए जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है।
नीरज कुमार ने कहा, “तेजस्वी यादव जी, आपको अभी भी नीतीश कुमार जी पर व्यक्तिगत टिप्पणी से परहेज नहीं है। जनता का प्रचंड जनादेश है और बिहार के 14 करोड़ लोग नीतीश कुमार जी की चिंता करते हैं और उन पर भरोसा रखते हैं। ऐसे में जो नई सरकार बनेगी, वह भी नीतीश कुमार जी के दिशा-निर्देश पर चलेगी। इस स्थिति में उनके बारे में इस तरह की राजनीतिक टिप्पणी करना आपको शोभा नहीं देता।”
उन्होंने आगे कहा, “तेजस्वी यादव, आप तो विपक्ष का नेता किसी ढंग से बन पाए हैं। इसके बावजूद आपकी सुरक्षा के लिए बिहार पुलिस ने पर्याप्त बल उपलब्ध कराया है, फिर भी आप बिहार पुलिस की आलोचना करते हैं। इतना ही नहीं, आपकी पार्टी के नेता आपकी सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से गुहार लगाते हैं। लेकिन नीतीश कुमार जी की राजनीति ने हमेशा बिहार के संदर्भ में ‘मैं हूं ना’ को चरितार्थ किया है और आगे भी करता रहेगा। आने वाली सरकार भी उनके दिशा-निर्देश पर ही चलेगी।”
गौरतलब है कि इससे पहले तेजस्वी यादव ने गृह विभाग के पत्र को अपने एक्स (X) हैंडल से गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) को शेयर किया था। उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की ऐसी असम्मानजनक विदाई उनके दल और समर्थकों ने सपने में भी नहीं सोची होगी कि उनके इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग और अधिकारी उन्हें भूतपूर्व बताने में लग गए हैं। अभी देखते रहिए, ये क्या-क्या करेंगे…”
बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और उन्होंने पिछले महीने 30 मार्च को एमएलसी पद से इस्तीफा दिया था। वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं। इससे स्पष्ट है कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ने वाले हैं।
अब इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग द्वारा सुरक्षा को लेकर जारी पत्र पर तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है। अब देखना होगा कि एनडीए के अन्य नेता इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।






