1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 02, 2026, 2:26:57 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में प्रेम प्रसंग एक युवक की मौत की वजह बन गया। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मोहल्ले में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो. रहमत अली के 24 वर्षीय बेटे मो. अरमान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। परिवार के मुताबिक, अरमान का एक युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था और यही संबंध उसकी मौत की वजह बन गया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम अरमान अपनी प्रेमिका के साथ एक होटल गया था। वहां से निकलने के बाद कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। नाका छह के पास उन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अरमान ने अपने घरवालों से ऑनलाइन 2000 रुपये मंगवाए थे। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया और उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
रातभर जब अरमान घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने एपीएम थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और खुद भी उसकी तलाश में जुट गए। पूरी रात बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह पुलिस ने फोन कर अरमान की हत्या की सूचना दी, जिसे सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लहेरियासराय थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी है।
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।