Hindi News / bihar / darbhanga-news / दरभंगा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: चेन छिनतई का विरोध पड़ा भारी, चाय...

दरभंगा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: चेन छिनतई का विरोध पड़ा भारी, चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या

Bihar Crime News: दरभंगा में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। चेन छिनतई का विरोध करना एक चाय दुकानदार को भारी पड़ गया और अपराधियों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क पर जमकर हंगामा...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2026, 12:07:18 PM

दरभंगा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: चेन छिनतई का विरोध पड़ा भारी, चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला, जहां चेन छिनतई का विरोध करना एक चाय दुकानदार को भारी पड़ गया। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय परिसर में चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि सुबह के समय वह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान इलाके में बाइक सवार अपराधी चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दे रहे थे।


प्रत्यक्षदर्शी अमित कुमार ने बताया कि वह दूध लेने के लिए घर से निकले थे, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। अमित किसी तरह बच निकले, लेकिन बदमाश आगे बढ़ गए और पास में मौजूद श्रवण कुमार को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही श्रवण जमीन पर गिर पड़े।


स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्रवण को तुरंत इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


वारदात के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि इलाके में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।


इधर, सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें अपराधी बाइक से भागते नजर आए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।