1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 13, 2026, 12:14:35 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले के सुंदरपुर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां रसोई में गैस सिलेंडर फटने से पूरा घर आग की चपेट में आ गया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों—पति, पत्नी और तीन माह के मासूम—की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ मातम का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब घर में शाम का खाना बनाया जा रहा था। अचानक किचन में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तेज धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आग ने कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भयावह आग में गोविंद, उनकी पत्नी ऋषि कुमारी और उनका तीन महीने का दुधमुंहा बच्चा बुरी तरह फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों जिंदा जल गए। इस दर्दनाक मंजर को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी।
घटना में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था और तीन जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं।
मौके पर पुलिस टीम के साथ जिला आपदा पदाधिकारी सलीम अख्तर भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस घर में यह हादसा हुआ, वहां उसी दिन नया किचन तैयार किया गया था और पहली बार खाना बन रहा था। लेकिन किसी तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही के कारण सिलेंडर में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भगवान लाल ठाकुर ने बताया कि सिलेंडर में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जो किसी बम विस्फोट जैसा था। इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया है।
घटना के बाद इलाके में गमगीन माहौल है। आसपास के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ितों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।