DARBHANGA:- दरभंगा के हसन चक में शनिवार को अगलगी की भीषण घटना में 4 सिलेंडर ब्लास्ट हो गये। जिससे 6 घर जलकर राख हो गये। अगलगी की इस घटना में12 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के हसन चक स्थित राज हाई स्कूल के पास शनिवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। झोपड़ी बनाकर रह रहे स्थानीय लोगों के बीच अचानक हुए चार सिलेंडरों के धमाके से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आते ही आसपास के छह घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। अनुमान है कि 12 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक संजय सरावगी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वो सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।





