1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 20, 2026, 10:33:22 AM
- फ़ोटो Google
Bihar News: बक्सर जिले के इटाढ़ी प्रखंड के पसहरा गांव में रविवार सुबह एक युवक की जिद ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पारिवारिक कलह से परेशान सूरज कुमार ने आत्महत्या की नीयत से हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ना शुरू किया। देखते ही देखते वह टावर के शीर्ष पर पहुंच गया।
सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। बिजली विभाग ने तत्काल पावर कट किया और इटाढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच, पास के नुआंव गांव में मजदूरी कर रहे पिता सुरेश नट को जैसे ही खबर मिली, वह बदहवास होकर दौड़े चले आए।
टावर पर खड़े बेटे को देखकर पिता की आंखें भर आईं। उन्होंने पुकारा— “बबुओ... नीचे आ जो, जो बोल्बे उहे होई” (बेटा नीचे आ जाओ, जो कहोगे वही होगा)। पिता की इस भावुक पुकार ने सूरज के भीतर छिपे गुस्से और अवसाद को पिघला दिया। करीब डेढ़-दो घंटे तक चले इस मौत के खेल का अंत तब हुआ, जब पिता के भरोसे पर सूरज धीरे-धीरे नीचे उतर आया। नीचे आते ही परिजनों ने उसे गले लगा लिया और पुलिस ने राहत की सांस ली।
सैकड़ों ग्रामीण और पुलिसकर्मी लगातार सूरज को आवाज लगाते रहे, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था। माहौल में तनाव इतना था कि हर कोई अनहोनी की आशंका से कांप रहा था। सूरज की जिद ने प्रशासन को भी असहाय कर दिया था। यह घटना आज पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।