1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 15, 2026, 11:11:33 AM
डीटीओ दफ्तर में शराब! - फ़ोटो Google
Bihar News: शराबबंदी वाले बिहार में सरकारी दफ्तरों से शराब मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटना सचिवालय में शराब की बोतलें मिलने के बाद अब बक्सर के जिला परिवहन कार्यालय से भी शराब बरामद होने से हड़कंप मच गया है।
घटना के बाद नगर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने कार्यालय में अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक-एक कमरे और अलमारियों की जांच की गई। इसी दौरान भवन के निचले तल में बने कमरे से सैकड़ों शराब की खाली बोतलें और टेट्रा पैक के खाली पाउच बरामद हुए। साथ ही 330 एमएल की सात भरी हुई शराब की बोतलें भी मिलीं।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की बोतलें अलमारी के अंदर और उसके आसपास छिपाकर रखी गई थीं। घटना को लेकर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान गार्ड रूम से सटे किचन जैसे इस्तेमाल किए जा रहे कमरे में शराब की भारी मात्रा में खाली बोतलें और कुछ भरी बोतलें बरामद हुईं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कार्यालय तक कैसे पहुंची।