1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 28, 2026, 3:27:27 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Road Accident: बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआवन मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान करनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा गांव निवासी ब्रजबिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान और मुन्ना पासवान के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाई किसी जरूरी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कुआवन मोड़ के पास यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर मिलते ही लालू डेरा गांव में मातम छा गया। पिता ब्रजबिहारी पासवान और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग लगातार उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।