Hindi News / bihar / buxar / Bihar News: शादी की रात बना खौफनाक मंजर: आर्केस्ट्रा डांसर को उठाकर ले...

Bihar News: शादी की रात बना खौफनाक मंजर: आर्केस्ट्रा डांसर को उठाकर ले गए युवक, सामूहिक दुष्कर्म से सनसनी

Crime News: बिहार के बक्सर जिले के रामपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जहां एक ओर शादी की खुशियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर एक आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हुई वारदात ने माहौल...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 02, 2026, 6:07:16 PM

Bihar News: शादी की रात बना खौफनाक मंजर: आर्केस्ट्रा डांसर को उठाकर ले गए युवक, सामूहिक दुष्कर्म से सनसनी

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब पूरे गांव में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन कुछ दरिंदों ने माहौल को कलंकित कर दिया।


जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी शिवपूजन राजभर के घर शुक्रवार की रात बारात आई थी। शादी में मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा बुलाया गया था, जहां देर रात तक नाच-गाना चलता रहा। कार्यक्रम खत्म होने के बाद डांसर अपने साथियों के साथ वापस जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया।


आरोप है कि युवकों ने डांसर को जबरन गांव से बाहर एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी सुनियोजित तरीके से की गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।


शनिवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर गए तो उन्होंने युवती को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसकी हालत गंभीर थी, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया गया।


कुछ समय बाद जब युवती को होश आया तो उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी और गांव के ही कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।