PATNA: (Bihar Top News) बिहार की राजनीति, अर्थव्यवस्था, कानून-व्यवस्था और प्रशासन से जुड़ी आज की बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। एक ओर जहां वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 3.47 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश कर शिक्षा, सड़क और किसानों पर सरकार की प्राथमिकताएं साफ कर दीं, वहीं विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा, अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों ने भी माहौल गरमाए रखा। इसके साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी, कॉलेज छात्रा की संदिग्ध मौत, सुप्रीम कोर्ट की मेटा-व्हाट्सएप को फटकार, परिवहन नियमों पर सख्ती और मौसम को लेकर चेतावनी जैसी हर बड़ी खबर पर डालिये एक नज़र.
3 लाख 47 हजार करोड़ का बजट पेश
बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अगले वित्तीय वर्ष के लिए बिहार का बजट पेश किया. उन्होंने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले साल से करीब 30,694.74 करोड़ रुपये अधिक है। बजट में शिक्षा विभाग के लिए सबसे ज्यादा पैसे का प्रावधान किया गया है. शिक्षा विभाग का बजट 68 हजार करोड़ रूपये से ज्यादा का है. वित्त मंत्री ने अपना बजट भाषण लगभग 10 मिनट में पूरा किया।
5 एक्सप्रेस वे बनेंगे
बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी है. नीतीश सरकार के बजट में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनाने और राज्य की सभी सिंगल लेन सड़कों को डबल लेन में बदलने का बड़ा ऐलान किया गया है.इसके साथ ही बजट में एक अहम फैसला यह भी लिया गया है कि राज्य की सभी सिंगल लेन सड़कों को चरणबद्ध तरीके से डबल लेन में बदला जाएगा. इससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी. ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और दूर-दराज के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
किसानों को 6 के बदले 9 हजार मिलेंगे
बिहार के किसानों को अब PM किसान निधि के साथ साथ बिहार सरकार की मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना का भी लाभ मिलेगा. पीएम किसान निधि से किसानों को हर साल 6 हजार रूपये की सहायता मिलती है. बिहार सरकार अपनी योजना ने उन्हें सलाना 3 हजार रूपये देगी. यानि किसानों को हर साल 9 हजार रूपये की मदद मिलेगी.
अनंत सिंह ने शपथ ली
जेल में बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने आज विधायक पद की शपथ ली। शपथ के दौरान उनका माइक बंद था।शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार से मुलाकात की। इसके बाद वे CM नीतीश के पास पहुंचे और उनके पैर छुए। इस दौरान CM नीतीश ने अनंत सिंह के तिलक के बारे में पूछा। विधानसभा में करीब 10 मिनट बाद वे फिर से जेल के लिए निकल गए। इस दौरान अनंत सिंह ने कहा, ‘मैं न्याय की उम्मीद करता हूं। जांच चल रही है, 100 परसेंट न्याय मिलने की उम्मीद है।
NEET छात्रा को लेकर सदन में हंगामा
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत हंगामे और विरोध के बीच हुई. सदन में NEET छात्रा के दुष्कर्म-मौत मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की. भाकपा माले के काराकाट विधायक अरुण सिंह ने इस मुद्दे पर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग की. लेकिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया.
मोस्टवांटेड बाप-बेटा गिरफ्तार
पटना के कुख्यात इनामी अपराधी बाप-बेटे गिरोह के मनोज सिंह और मानिक सिंह को एसटीएफ की विशेष टीम ने बेंगलुरू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले मनोज सिंह ने पुलिस एनकाउंटर के डर से एक वीडियो बनाया था। मानिक ने वीडियो जारी कर कहा आए “मैं और मेरे पिता मनोज सिंह बेंगलुरू से गिरफ्तार हो गए हैं। हमारी पूरी फैमिली यहां है, बेटी और पत्नी भी साथ हैं। नीचे पटना एसटीएफ की टीम मौजूद है, दीवाकर और नीरज सर की टीम है। हमारे खिलाफ हथियार बरामदगी के नाम पर फर्जी एनकाउंटर हो सकता है। हमें हाथ में हथकड़ी लगाकर ले जाया जाए।”
विधानसभा में उठा अवैध खनन का मुद्दा
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरा दिन सदन में अवैध खनन का मुद्दा उठाया गया. मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए. इस पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं करने की बात कही.डिप्टी सीएम ने कहा की सरकार अवैध खनन को लेकर पूरी तरह से गंभीर है. लगातार कार्रवाई भी की जा रही है.
इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा का शव मिला
बिहार के मधेपुरा जिले के बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार को एक 20 वर्षीय छात्रा का शव उसके कमरे से मिला है. मृत छात्रा मुजफ्फरपुर जिले की निवासी थी, जो सिविल इंजीनियरिंग सेकेंड ईयर की छात्रा थी. घटना की सूचना तब मिली जब छात्रा काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आईं और दरवाजा अंदर से बंद था. हॉस्टल प्रशासन और सहपाठियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तब शव खिड़की के पास पाया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने मेटा को लगाई फटकार
सुप्रीम कोर्ट ने आज टेक कंपनी मेटा और उसकी मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप को उसकी प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर कड़ी फटकार लगाई है. अदालत ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत के नागरिकों की निजता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने मेटा से कहा कि वह भारतीय यूज़र्स के डेटा के साथ "खेल" नहीं सकती.
लापरवाह चालकों का लाइसेंस रद्द होगा
बिहार के राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या रद्द करने का निर्देश दिया है. पुलिस की अनुशंसा पर लगभग 52 हजार मामलों में कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से आयुक्त ने मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आदतन नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन अथवा रद्द करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
दाखिल खारिज में देरी पर सरकार सख्त
दाखिल-खारिज और भूमि विवाद मामलों में हो रही देरी पर सरकार सख्त हो गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी अंचल अधिकारियों को पत्र जारी कर साफ किया है कि भूमि विवाद के मामलों में अलग-अलग व्याख्या के कारण मामलों में अनावश्यक विलंब हो रहा था, जिससे जमीन के असली खरीदार परेशान थे।अब सिविल कोर्ट, पटना हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट के साथ-साथ डीसीएलआर, कलेक्टर, कमिश्नर कोर्ट, अधिकृत राजस्व न्यायालय और बिहार भूमि न्यायाधिकरण (BLT) को भी सक्षम न्यायालय माना जाएगा, ताकि मामलों का तेजी से निपटारा हो सके।
बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने ठंड के बीच बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना में भी कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। 5 फरवरी को बिहार के 25 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।





