Bihar News: सरकारी व्यवस्था में विश्वास की एक प्रेरणादायक मिसाल अरेराज अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अरुण कुमार ने पेश की है। उन्होंने अपनी पत्नी एवं डीसीएलआर (वरीय उप समाहर्ता) इति चतुर्वेदी का प्रसव सरकारी अस्पताल में करवाया, जहाँ सोमवार सुबह सफल प्रसव के बाद एक स्वस्थ कन्या रत्न की प्राप्ति हुई है. जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ्य हैं।
यह प्रसव गोरखपुर एमएस अस्पताल में हुआ, जिसे सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली का हिस्सा माना जाता है। एसडीओ अरुण कुमार और उनकी पत्नी ने कई निजी अस्पतालों द्वारा दिए गए सुझावों को दरकिनार करते हुए सरकारी अस्पताल को ही प्राथमिकता दी, जिससे आम जनमानस के बीच एक सकारात्मक संदेश गया है।
एसडीओ ने बताया कि उनका यह निर्णय सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में भरोसा जताने और लोगों के बीच विश्वास पैदा करने की सोच के साथ लिया गया। उनका यह कदम सरकारी अस्पतालों में इलाज को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में सहायक हो सकता है।

