Bihar News: पटना के बिहटा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। गुरुवार शाम को दिलावरपुर गांव के पास बालू लदे ट्रक और एक टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे टेंपो में सवार सुरेंद्र कहार नाम के शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेंद्र अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए लई गांव जा रहे थे।
ट्रक और टेंपों की टक्कर के बाद सुरेंद्र सड़क पर गिर पड़े और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में सुरेंद्र के अलावा टेंपो में सवार अन्य 6 लोग भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बेटी के तिलक से पहले पिता की दर्दनाक मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक की जमकर पिटाई की। पुलिस ने ट्रक चालक को भीड़ से बचाकर बिहटा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे पटना एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।






