Bihar News: बेतिया के नरकटियागंज शहर में मंगलवार देर शाम सब्जी मंडी में एक युवक की दबंगई और पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। शिकारपुर थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में लिया है। युवक की पहचान वार्ड नंबर 13, प्रकाश नगर निवासी होम्योपैथिक डॉक्टर वीरेंद्र झा के पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, एसएसबी का एक जवान सादे कपड़ों में सब्जी मंडी में खरीदारी करने आया था। इसी दौरान ओमप्रकाश ने किसी बात को लेकर जवान से विवाद शुरू कर दिया और उसके साथ हाथापाई की। सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान युवक ने न केवल एसआई विपिन कुमार के साथ बदसलूकी की, बल्कि उनके साथ भी हाथापाई की, जिससे एसआई को चोटें आईं।
घटना की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक को हिरासत में लिया गया। उसे शिकारपुर थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। अपर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार से संपर्क न हो पाने के कारण घटना की पूरी जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
रिपोर्ट: संतोष कुमार






