Hindi News / bihar / bhojpur-news / बारात की खुशियां मातम में बदलीं: अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटी, मर्चेंट नेवी जवान की...

बारात की खुशियां मातम में बदलीं: अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटी, मर्चेंट नेवी जवान की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: बिहार के भोजपुर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बारातियों से भरी स्कॉर्पियो पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में मर्चेंट नेवी के एक जवान की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए....

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 12, 2026, 2:41:02 PM

बारात की खुशियां मातम में बदलीं: अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटी, मर्चेंट नेवी जवान की दर्दनाक मौत

- फ़ोटो

Bihar Road Accident: बिहार के भोजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव के समीप बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।


मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के रामासाढ़ गांव निवासी 29 वर्षीय मो. इजमामुल हक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था और वर्तमान में मुंबई में नौकरी कर रहा था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह अपने गांव आया हुआ था। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल है।


वहीं हादसे में घायल लोगों में मो. समीर अंसारी समेत तीन अन्य बाराती शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।


जानकारी के मुताबिक, सभी लोग स्कॉर्पियो से बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रेपुरा गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।