Hindi News / bihar / bhojpur-news / आरा में बारात पर हमला, बवाल के बाद थाने में पुलिस की मौजूदगी...

आरा में बारात पर हमला, बवाल के बाद थाने में पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी

भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान बारात पर हमला और मारपीट के बाद अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन की शादी थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में संपन्न कराई।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2026, 4:34:55 PM

बिहार न्यूज

गहना और कैश की लूट - फ़ोटो रिपोर्टर

BHOJPUR: भोजपुर जिले में एक शादी समारोह अचानक हिंसा में बदल गया, जब बारात में शामिल लोगों पर कुछ स्थानीय और बाहरी तत्वों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दूल्हा, उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावरों पर गहने और नकदी लूटने का भी आरोप लगा है।


घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के शोभिटोला गांव की है, जहां नरेश यादव की पुत्री सोनी कुमारी की शादी तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी हरेंद्र कुमार से होनी थी। बारात के गांव पहुंचते ही अचानक कुछ लोगों ने हमला बोल दिया, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं।


दूल्हे के पिता कृष्णधारी सिंह ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बारातियों के साथ बेरहमी से मारपीट की और गहने व नकदी भी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दूल्हा-दुल्हन को थाना परिसर ले गई, जहां थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पुलिस की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई। 


थाने में संपन्न हुई इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। बारात गांव पहुंचने के बाद अचानक प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, उमेश यादव, सोनालाल और जेपी साह सहित करीब 20 अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया। मामले में दूल्हे के पिता के बयान पर पांच नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।