1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 04, 2026, 7:07:02 AM
विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त - फ़ोटो Reporter
Vikramshila Setu collapse: भागलपुर से उत्तर बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु रविवार देर रात क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया। घटना रात करीब 12:30 बजे की है, जब पुल के 133 नंबर पोल के पास पहले धंसाव हुआ और एहतियातन तुरंत ट्रैफिक बंद कर दिया गया। हालांकि कुछ ही देर बाद वह हिस्सा पूरी तरह टूटकर नीचे गिर गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने रात 1:15 बजे आधिकारिक सूचना जारी कर लोगों से विक्रमशिला सेतु की ओर न जाने की अपील की। पुलिस के अनुसार, भागलपुर की ओर से पाया संख्या 4-5 (पोल 133-134 के बीच) के पास पुल पहले धंसा और फिर टूट गया। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
भागलपुर एनएच डिवीजन के कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार रौशन ने प्रारंभिक जानकारी में बताया कि पुल के ज्वाइंट में गैप बढ़ने के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि टीम मौके पर पहुंच रही है, जिसके बाद विस्तृत रिपोर्ट दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले छह महीनों से पुल की खराब स्थिति को लेकर रिपोर्ट फाइलों में लंबित थी और मेंटेनेंस की बात होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस घटना के कारण भागलपुर का उत्तर बिहार से सीधा संपर्क टूट गया है, वहीं जिले के सात प्रखंडों का मुख्यालय से संपर्क भी प्रभावित हुआ है। सूचना मिलते ही रात करीब 1:45 बजे जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, 12:35 बजे धंसाव के बाद लोगों को वहां से हटा दिया गया था और 12:50 बजे पुल का हिस्सा पूरी तरह ढह गया।
गनीमत रही कि समय रहते आवागमन रोक दिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन ने यात्रियों को फिलहाल मुंगेर के रास्ते भागलपुर से नवगछिया जाने की सलाह दी है, जो अभी एकमात्र वैकल्पिक मार्ग है। जिलाधिकारी ने डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, एसडीओ विकास कुमार और डीएसपी अजय चौधरी को पुल के दोनों ओर तुरंत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।