Hindi News / bihar / bhagalpur-news / विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का निर्माण शुरू, जल्द बहाल होगी वाहनों की...

विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का निर्माण शुरू, जल्द बहाल होगी वाहनों की आवाजाही

भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बीआरओ की निगरानी में सैन्य स्तर पर काम किया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद वन-वे ट्रैफिक प्लान के तहत आवाजाही बहाल की जाएगी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 14, 2026, 4:13:22 PM

बिहार न्यूज

बेली ब्रिज बनने का इंतजार - फ़ोटो रिपोर्टर

BHAGALPUR: भागलपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर यातायात बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर अस्थायी बेली ब्रिज निर्माण का कार्य अब धरातल पर शुरू हो चुका है। इस निर्माण कार्य के लिए कोलकाता से सेना में इस्तेमाल होने वाले खास मिलिट्री कलर के लोहे के भारी स्ट्रक्चर तीन ट्रकों के जरिए भागलपुर लाया गया हैं।


जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सेतु पर करीब 34 मीटर की खाली जगह पर सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ की निगरानी में सैन्य स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा है प्रशासन के मुताबिक गुरुवार से यह कार्य और तेज गति से आगे बढ़ेगा।


बेली ब्रिज तैयार होने के बाद यातायात संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है। इसके तहत पुल के दोनों छोड़ पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को गुजरने की अनुमति मिलेगी।


प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या पर नियंत्रण रहेगा और रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को जल्द राहत मिलेगी। विक्रमशिला सेतु पर शुरू हुए इस कार्य को लेकर लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही आवागमन सामान्य हो सकेगा।

भागलपुर से श्यामानंद सिह की रिपोर्ट