Bihar News: सृजन घोटाले में शामिल बड़ी मछली के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है. रिटायरमेंट के बाद घोटालेबाज अधिकारी की पूरी पेंशन राशि जब्त कर ली गई है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने पत्र जारी कर दिया है.
अरबों रू सृजन के खाते में जमा किया...
भागलपुर के तत्कालीन जिला भू अर्जन पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप थे. भू अर्जन पदाधिकारी के पद पर पदस्थापन के दौरान इन्होंने अरबों रू की सरकारी राशि को निजी स्वार्थ में सृजन महिला विकास समिति के खाते में फर्जी तरीके से जमा कराया था. इन आरोपों के लिए आरोपी अधिकारी के खिलाफ भागलपुर के कोतवाली थाने में केस सं-500/17 दर्ज की गई थी. जिलाधिकारी ने इस अधिकारी के खिलाफ 31 अगस्त 2017 को आरोप पत्र गठित कर विभाग को उपलब्ध कराया था. साथ ही एक पूरक आरोप पत्र भी दिया गया जिसमें बिना सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के दूसरे बैंक में खाता खोला गया,जो गलत है. सरकार ने 28 मार्च 2018 के प्रभाव से विभागीय कार्यवाही चलाया और जांच आयुक्त को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया.
सीबीआई केस में अधिकारी के खिलाफ अभियोजन स्वीकृत, ट्रायल में है केस
चूंकि यह मामला सीबीआई को हस्तांतरित हो गया था. लिहाजा सीबीआई ने आरोपी भू अर्जन अधिकारी राजीव रंजन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस केस में सरकार ने अभियोजन की स्वीकृति दे दी है. केस अभी ट्रायल के दौर में है. इसी बीच संचालन पदाधिकारी ने पूरक आरोपों पर अपनी रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दिया.
पूर्ण पेंशन जब्त करने का आदेश
जांच अधिकारी की रिपोर्ट के बाद सरकार ने भागलपुर के तत्कालीन भू अर्जन पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह जो सेवानिवृत हो चुके हैं,उनकी पेंशन को 100 फीसदी जब्त करने का आदेश दिया है. इस संबंध में 24 मार्च को आदेश जारी किया गया है.





