1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 05, 2026, 2:29:35 PM
- फ़ोटो Google
Bihar News: भागलपुर जिले के नवगछिया के जीरोमाइल इलाके में सोमवार को पुलिस ने एक मटन दुकान पर छापेमारी कर बड़े फर्जीवाड़ा का खुलासा किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान दुकान के अंदर छुपाकर रखे गए पांच बकरे (बोतू) बरामद किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे गश्ती पर तैनात नवगछिया पुलिस को सूचना मिली कि जीरोमाइल स्थित एक मटन दुकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर छुपाकर रखे गए पांच बड़े बकरे (बोतू) बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान मो. उमर के रूप में हुई है। वह तेतरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पूछताछ में उसने दावा किया कि दुकान उसने किराए पर दे रखी है और वह खुद एक अन्य मटन दुकान संचालित करता है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान जीरोमाइल में एक टायर दुकान के पास स्थित है। जांच में सामने आया है कि दुकान के पीछे के हिस्से में बकरों को छुपाकर रखा गया था, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां मटन में बकरे का मांस मिलाकर आसपास के होटलों में सप्लाई किया जाता था।
लोगों ने यह भी बताया कि दुकान पर “फ्री होम डिलीवरी” का प्रचार कर ग्राहकों को आकर्षित किया जा रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि पशुओं को किस उद्देश्य से छुपाकर रखा गया था और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।