1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 22, 2026, 1:07:18 PM
- फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर कदवा स्थित पूर्व टोला वार्ड संख्या 3 में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौचालय की सेप्टिक टैंक की सफाई/सेटिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस के कारण दम घुटने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे ज्वाला यादव के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूर सेप्टिक टैंक के अंदर उतरे थे, तभी जहरीली गैस के संपर्क में आने से एक-एक कर तीनों मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब चौथे व्यक्ति ने स्थिति को गंभीर देखा तो उसने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दीवार तोड़कर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बम-बम मंडल, जननदन मंडल और श्रीलाल मंडल के रूप में हुई है, जो लछमिनिया गांव, कदवा थाना क्षेत्र के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना और नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।