1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated May 14, 2026, 7:43:38 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Mock Drill: राजधानी पटना समेत बिहार के 6 जिलों में गुरुवार 14 मई को सिविल डिफेंस की ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल हुआ। शाम 7 बजे सायरन बजते ही कई इलाकों में अंधेरा छा गया और विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से काट दी गई। यह ब्लैकआउट 15 मिनट यानी शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक रहा।
पटना के अलावे पूर्णिया, बेगूसराय, कटिहार, किशनगंज और अररिया में भी इस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। भारत सरकार के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया गया।
बेगूसराय में भी हूटर बजते ही पूरे जिले में 15 मिनट के लिए ब्लैक आउट किया गया। शाम 7:00 बजे से लेकर 7:15 बजे तक शहर सहित कई इलाकों की बिजली बंद रही और पूरा बेगूसराय अंधेरे में डूबा नजर आया। प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल और सुरक्षा व्यवस्था के तहत इस ब्लैक आउट का आयोजन किया गया।
ब्लैक आउट शुरू होते ही लोगों ने अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद कर दी। इस दौरान सड़कों पर भी सामान्य गतिविधियां काफी कम दिखाई दीं। जिला प्रशासन की ओर से लोगों से सहयोग की अपील की गई थी, जिसका असर साफ तौर पर देखने को मिला। तय समय पूरा होने के बाद फिर से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।