Hindi News / bihar / banka-news / ईयरफोन लगा कर ट्रैक पार करना पड़ा भारी: बांका में इंटरसिटी ट्रेन की...

ईयरफोन लगा कर ट्रैक पार करना पड़ा भारी: बांका में इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत

BIHAR: एक पल की लापरवाही… कानों में बजता गाना और सामने आती मौत की ट्रेन। आखिर कैसे एक छोटी सी गलती ने 23 साल के युवक की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म कर दी?

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 27, 2026, 2:28:47 PM

ईयरफोन लगा कर ट्रैक पार करना पड़ा भारी: बांका में इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत

- फ़ोटो

BIHAR: बिहार के बांका जिले से एक बेहद दुखद और चेतावनी देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छोटी सी लापरवाही ने 23 साल के युवक की जान ले ली। तारा मंदिर रेलवे हॉल्ट के पास सोमवार सुबह हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। युवक ईयरफोन लगाकर गाना सुनते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के बाजा गांव निवासी दिलीप झा के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश रोज की तरह अपने काम के लिए निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह उसका आखिरी दिन साबित होगा।


गाना सुनने में इतना खोया कि सुनाई नहीं दी ट्रेन की आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। नीतीश रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और उसके कान में ईयरफोन लगा हुआ था। वह मोबाइल पर गाना सुनने में इतना मशगूल था कि उसे पीछे से आ रही ट्रेन की आवाज तक सुनाई नहीं दी। ट्रेन के लोको पायलट ने कई बार हॉर्न भी बजाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


परिवार का इकलौता सहारा छिन गया

नीतीश अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह बांका शहर में टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी कमाई से ही घर चलता था। जैसे ही इस हादसे की खबर उसके गांव पहुंची, पूरे परिवार में मातम पसर गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है।


गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई यही कह रहा है कि अगर थोड़ी सावधानी बरती जाती तो शायद यह हादसा टल सकता था।


पुलिस और रेलवे विभाग की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


लोगों से अपील: सावधानी ही सुरक्षा

इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से खास अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।