1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 24, 2026, 10:39:41 PM
लोगों की उमड़ी भारी भीड़ - फ़ोटो सोशल मीडिया
ARWAL: आजकल युवा वर्ग को ना जाने क्या हो गया है? हर बात पर ये लोग टावर पर चढ़ जा रहे हैं। कभी कोई मोबाइल टावर पर चढ़ जाता है, तो कोई बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर शोले फिल्म के वीरू और बसंती की तरह अपनी मांगें मनवाने के लिए जिद्द करने लगता है। जब तक इनकी बातें नहीं मानी जाती तब तक ये टावर से नीचे नहीं उतरते हैं। इस दौरान घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा होता रहता है।
ऐसा ही ड्रामा आज अरवल जिले के करपी प्रखंड के रामकिसुन बिगहा गांव में देखने को मिला। जहां शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती प्रेम प्रसंग से आहत होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गयी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती अपने प्रेम संबंध को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी और इसी भावुकता में उसने यह कदम उठा लिया। जैसे ही लोगों ने उसे टावर पर चढ़ते देखा, तुरंत करपी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब पांच घंटे तक चले इस अभियान में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने धैर्य और समझदारी का परिचय देते हुए युवती को समझाने की कोशिश की। अंततः काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
रेस्क्यू के बाद युवती को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
अरवल से मृत्युंजय की रिपोर्ट