Hindi News / bihar / araria-news / दौलत के लालच में रिश्तों का कत्ल: अररिया में जीजा ने साले की...

दौलत के लालच में रिश्तों का कत्ल: अररिया में जीजा ने साले की गला रेतकर की हत्या, कुछ ही घंटों में खुला सनसनीखेज राज

Bihar News: अररिया के जोकीहाट थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जीजा ने जमीन और पैसों के विवाद में अपने साले की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 22, 2026, 1:29:59 PM

दौलत के लालच में रिश्तों का कत्ल: अररिया में जीजा ने साले की गला रेतकर की हत्या, कुछ ही घंटों में खुला सनसनीखेज राज

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर दिया। यहां एक जीजा ने पैसों और जमीन के लालच में अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात न सिर्फ क्रूरता की हद पार करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि लालच इंसान को किस हद तक अंधा बना सकता है।


घटना जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन टोल प्लाजा के पास स्थित कब्रिस्तान के समीप हुई, जहां मंगलवार सुबह 32 वर्षीय सबुल का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर साफ था कि उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत जांच में जुट गई।


पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। जांच में जो सच सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला था। हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा जीजा मो. इकराम निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।


जांच में पता चला कि आरोपी मो. इकराम अपने साले सबुल से दो डिसमिल जमीन और करीब दो लाख रुपये की मांग कर रहा था। दरअसल, इकराम ने अपनी बाइक गिरवी रखकर कर्ज लिया था और वह इस कर्ज को चुकाने के लिए सबुल पर लगातार दबाव बना रहा था। लेकिन जब सबुल ने उसकी मांग पूरी करने से इनकार कर दिया, तो इकराम ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।


पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। उसने सोमवार को ही हत्या में इस्तेमाल होने वाले हथियार को तेज करवाया और शाम के समय सबुल को घर से बुलाकर सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने बेरहमी से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।


तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने तेजी से सुराग जुटाए और आरोपी तक पहुंच गई। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार, मृतक का मोबाइल, बाइक और खून से सनी लुंगी बरामद की गई।


इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मृतक सबुल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और हैदराबाद में एलुमिनियम का काम करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं माता-पिता भी गहरे सदमे में हैं।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य मौजूद हैं और इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर उसे जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाएगी।