BHOJPUR: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के साहब टोला मोहल्ले में पैसे के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार घायल युवक साहब टोला मोहल्ला निवासी स्वर्गीय शिवजी साह का 25 वर्षीय पुत्र महेश कुमार है। उसे दाहिने पैर की जांघ में गोली लगी है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बिहिया पीएचसी ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थानाध्यक्ष सुंदेश्वर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। रविवार की सुबह एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।





