Two Ministers Resign: तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच राज्य की कैबिनेट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एम.के स्टालिन कैबिनेट के दो मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है।
रविवार को राजभवन की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी और के. पोनमुडी ने मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के नेतृत्व वाली राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। राज्यपाल आर. एन. रवि ने मुख्यमंत्री स्टालिन की उनके इस्तीफे को स्वीकार करने की सिफारिश को मंजूरी दे दी है।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का सामना कर रहे वी. सेंथिल बालाजी को सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सलाह दी थी कि वे "पद और स्वतंत्रता" में से किसी एक को चुनें। कोर्ट ने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो उनकी जमानत रद्द कर दी जाएगी।


