Tejashwi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव आज कई दिनों बाद सदन की कार्यवाही में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने बिहार विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा। वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में रंगदारी, हत्या, बलात्कार और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। उनके अनुसार अपराधी आज विजयी और सम्राट की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जबकि आम लोग डरे और सहमे हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अचेत हैं और उन्हें बिहार की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को इतना कमजोर कर दिया गया है कि उन्होंने गृह विभाग बीजेपी को सौंप दिया, जबकि पहले उन्होंने अपने 10 कार्यकालों में ऐसा कभी नहीं किया था।
तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री अब कठपुतली बन गए हैं और सरकार पूरी तरह भाजपा के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासित राज्यों में अपराध की स्थिति सबसे खराब है। बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों को जेल में डालने के बजाय विपक्ष के नेताओं को धमकाया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है और अपराधियों को पूरा संरक्षण मिल रहा है। तेजस्वी ने कहा कि सरकार के पास अब शर्म नहीं बची है, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और आम जनता भय के माहौल में जी रही है।


