Hindi News / politics / सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज, पैतृक गांव में जश्न का...

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज, पैतृक गांव में जश्न का माहौल

मुंगेर के लखनपुर गांव में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं के बीच उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें भावी मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार किया है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 13, 2026, 10:27:28 PM

बिहार न्यूज

- फ़ोटो रिपोर्टर

MUNGER: बिहार के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इस खबर के सामने आते ही उनके पैतृक गांव मुंगेर में खुशी की लहर दौड़ गई है।


मुंगेर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित तारापुर विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है। इस क्षेत्र के लखनपुर गांव, जो उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पैतृक गांव है, वहां इन दिनों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।राजनीतिक चर्चाओं में जैसे ही उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं ने जोर पकड़ा, गांव का माहौल जश्न में बदल गया। हालांकि, जब मीडिया उनके घर पहुंचे तो परिजनों ने इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। 


लेकिन गांव की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। गांव के युवा हों या बुजुर्ग सभी ने खुलकर कहा कि वे सम्राट चौधरी को अपना भावी मुख्यमंत्री मान चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बचपन में वे भले ही नटखट स्वभाव के थे, लेकिन आज एक परिपक्व और जनप्रिय नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। 


ग्रामीणों के अनुसार, वे स्वभाव से बेहद मृदुल हैं और जब भी गांव आते हैं, तो हर व्यक्ति से मिलकर उनका हाल-चाल लेते हैं। विकास कार्यों को लेकर भी उन्होंने क्षेत्र में एक लंबी लकीर खींची है।अगर उनके राजनीतिक परिवार की बात करें, तो उनके पिता शकुनि चौधरी छह बार विधायक रह चुके हैं और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। 


वहीं उनकी माता स्वर्गीय पार्वती देवी भी विधायक रह चुकी हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि सम्राट चौधरी एक मजबूत राजनीतिक घराने से आते हैं और अब परिवार से मिली विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर आने वाले सम्राट चौधरी का परिवार तारापुर में शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।फिलहाल, जैसे-जैसे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में उनका नाम आगे बढ़ता दिख रहा है, लखनपुर गांव में उम्मीद और खुशी का माहौल लगातार गहराता जा रहा है। 

मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट