1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 14, 2026, 7:39:54 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद हलचल भरा रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुन लिया है और उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है।
पटना स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता शामिल हुए। सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। सम्राट चौधरी बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसके साथ ही बिहार में नई सरकार का औपचारिक गठन हो जाएगा।
दोपहर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में भी सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। इस दौरान नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाकर उनका स्वागत किया, जबकि सम्राट ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपने कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक सरकार ने सभी वर्गों हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और महादलित के विकास के लिए काम किया है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति का दावा किया।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सहयोगियों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वे सभी के प्रति आभारी हैं। इस अहम बैठक में विनोद तावड़े और बीएल संतोष जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।