Hindi News / politics / मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला पहुंचेंगे सम्राट चौधरी, दौरे...

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिला पहुंचेंगे सम्राट चौधरी, दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज

Bihar Politics: मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी 26 अप्रैल को मुंगेर दौरे पर जाएंगे, जहां ढोल पहाड़ी इकोटूरिज्म परियोजना का शिलान्यास और प्रशासनिक बैठकों के साथ कई कार्यक्रम होंगे।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 21, 2026, 10:03:21 AM

Bihar Politics

सीएम का मुंगेर दौरा - फ़ोटो Google

Bihar Politics: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार अपने गृह जिला मुंगेर पहुंचेंगे। 26 अप्रैल को वह तारापुर विधानसभा के असरगंज प्रखंड स्थित बैजलपुर का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ सुनेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर असरगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध ढोल पहाड़ी पर इकोटूरिज्म परियोजना का शिलान्यास करेंगे। 


दरअसल, जिला प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से न केवल क्षेत्र का पर्यटन विकास होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के अनुसार, ढोल पहाड़ी को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।


इसके बाद मुख्यमंत्री तारापुर स्थित सिंचाई भवन अतिथि गृह पहुंचेंगे, जहां आमजन की ओर से उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी की संभावना है। मुख्यमंत्री इस दौरान लोगों से सीधे संवाद भी कर सकते हैं। अपने दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। 


इस बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 


खुद मुंगेर जिला अधिकारी निखिल धनराज अपने सभी अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका अपने गृह जिले का पहला दौरा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।