Hindi News / politics / मुख्यमंत्री बनते ही इतिहास रचेंगे सम्राट चौधरी, 59 साल बाद बिहार की राजनीति...

मुख्यमंत्री बनते ही इतिहास रचेंगे सम्राट चौधरी, 59 साल बाद बिहार की राजनीति में दो नए रिकॉर्ड; जानिए..

Samrat Chaudhary: सम्राट चौधरी के बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनने के बाद कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनेंगे. वे राज्य के पहले BJP मुख्यमंत्री होंगे और उप मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता बन जाएंगे.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 15, 2026, 10:23:08 AM

Bihar Politics

बिहार के नए सम्राट - फ़ोटो Google

Samrat Chaudhary: बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही सम्राट चौधरी कई अहम राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करेंगे। सबसे बड़ा रिकॉर्ड यह होगा कि वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार में पहले मुख्यमंत्री बनेंगे। 


इसके साथ ही वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो जाएंगे, जो उप मुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं। करीब 59 वर्षों बाद यह उपलब्धि दोहराई जा रही है। इससे पहले 1967 में उप मुख्यमंत्री बने जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था। अब सम्राट चौधरी इस सूची में दूसरा नाम जोड़ने जा रहे हैं।


भाजपा के राज्यसभा सदस्य डॉ. भीम सिंह के अनुसार, बिहार की राजनीति में उप मुख्यमंत्री का पद हमेशा से सत्ता संतुलन का प्रतीक रहा है। पहली बार 1957 में श्रीकृष्ण सिंह की सरकार में यह पद बनाया गया था, जब अनुग्रह नारायण सिन्हा को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। तब से अब तक करीब 10 नेता इस पद पर रह चुके हैं, लेकिन कर्पूरी ठाकुर ही ऐसे नेता थे, जो आगे चलकर मुख्यमंत्री बने।


नीतीश कुमार के दो दशक लंबे राजनीतिक दौर में बिहार में सबसे अधिक उप मुख्यमंत्री बनाए गए। इस सूची में सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, तेजस्वी यादव, विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी जैसे नाम शामिल हैं। इनमें सुशील कुमार मोदी का कार्यकाल (2005–2013) सबसे लंबा रहा, लेकिन वे भी मुख्यमंत्री पद तक नहीं पहुंच सके।