1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 17, 2026, 1:18:25 PM
- फ़ोटो
Bihar News: आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी और नेताओं के लगातार पाला बदलने की चर्चाओं के बीच जेडीयू के MLC सह मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण राजनीतिक समय में तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी कई सवाल खड़े कर रही है.
मीडिया से बातचीत के दौरान जब नीरज कुमार से पूछा गया कि आरजेडी में लगातार नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और कई अन्य नेता भी दूसरे दलों में जाने की तैयारी में दिखाई दे रहे हैं, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले यह बताया जाए कि “तेजस्वी जी आखिर हैं कहां?”
उन्होंने कहा कि इस समय बिहार में विधानसभा का उपचुनाव होना है, विधानसभा का सत्र है, पार्टी के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी ने इस्तीफा दे दिया है और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी अस्वस्थ हैं. इसके बावजूद तेजस्वी यादव देश से बाहर हैं. नीरज कुमार ने व्यंग्य करते हुए कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि वह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय उद्देश्य में लगे हों.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कहीं अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जो तनाव और युद्ध जैसे हालात बने हैं, उसमें तो तेजस्वी यादव मध्यस्थ की भूमिका नहीं निभा रहे? अगर ऐसा नहीं है तो राष्ट्रीय जनता दल को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके नेता आखिर कहां हैं.”
आरजेडी के भीतर नेताओं की नाराजगी पर भी नीरज कुमार ने निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कई नेता अब खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और कुछ नेता सत्ता पक्ष के नेताओं से मुलाकात भी कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि “आरजेडी के सांसद 90 डिग्री पर झुककर विनम्रता के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने पहुंच रहे हैं और स्वीकार कर रहे हैं कि ‘हुजूर, जो हुआ सो हुआ’. कई नेता चुपके-चुपके मुलाकात कर रहे हैं, उसी में से कुछ नेता तस्वीरें भी साझा कर रहे हैं और मानो यह संदेश देना चाह रहे हैं कि ‘हुजूर, आपकी अदालत में हमलोग हाजिर हैं’.”
नीरज कुमार ने कहा कि आरजेडी के भीतर जिस तरह की स्थिति बन रही है, उससे साफ है कि पार्टी में सबकुछ सामान्य नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि नेतृत्व की अनुपस्थिति और आंतरिक असंतोष के कारण पार्टी के नेता लगातार दूरी बना रहे हैं.