Hindi News / politics / नीतीश कुमार ने चुना JDU विधानमंडल दल का नेता, पार्टी के पुराने साथी...

नीतीश कुमार ने चुना JDU विधानमंडल दल का नेता, पार्टी के पुराने साथी पर जताया विश्वास

Bihar Politics: नीतीश कुमार ने जेडीयू विधानमंडल दल के नेता के रूप में पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को चुना है. नीतीश कुमार ने पार्टी के पुराने व भरोसेमंद नेता पर विश्वास जताया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 21, 2026, 2:05:56 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने आखिरकार जेडीयू विधानमंडल दल के नेता का चुनाव कर लिया है। नीतीश कुमार ने अपने पुराने करीबी और पार्टी का साथ साथ पिछली कई सरकारों में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व मंत्री श्रवण कुमार पर भरोसा जताया है। श्रवण कुमार को जेडीयू विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है।


दरअसल, नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद जेडीयू में विधानमंडल दल के नेता का पद खाली हो गया था। राज्य में नई सरकार के गठन से पहले जेडीयू ने विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए नीतीश कुमार ने बैठक बुलाई थी लेकिन नेता का चुनाव नहीं हो सका था। इसके बाद 20 अप्रैल को फिर से विधायक दल की बैठक बुलाई गई लेकिन इस बैठक में भी विधानमंडल दल का नेता नहीं चुना जा सका।


जदयू विधायक दल की बैठक में विधायकों ने नीतीश कुमार को नया नेता चुनने की जिम्मेदारी सौंपी और उन्हें अधिकृत किया कि वह खुद विधानमंडल दल का नेता चुनें। बैठक खत्म होने के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया था कि जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार को विधानमंडल में नेता चयन के लिए अधिकृत कर दिया गया है।


ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जेडीयू विधानमंडल दल का नेता चुना जा सकता है हालांकि ऐसा नहीं हो सका। आखिरकार नीतीश कुमार ने पार्टी के पुराने नेता श्रवण कुमार को जेडीयू विधायक दल का नेता घोषित कर दिया। श्रवण कुमार नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा के रहने वाले हैं और उनके काफी करीबी माने जाते हैं। नीतीश कुमार की सरकार में वह मंत्री के तौर पर कई विभागों की जिम्मेवारी संभाल चुके हैं। अब नीतीश कुमार ने उन्हें एक और बड़ी जिम्मेवारी सौंप दी है।