Bihar Politics: गयाजी जिले के गया शहर स्थित एसएसपी कोठी के पास एक निजी अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पहुंचे। इस दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि राहुल गांधी जिस बिल को किसानों के लिए हानिकारक बता रहे हैं, वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि कल हम लोग यह सब सुन रहे थे और उसी रात इस पर चर्चा भी कर रहे थे। राहुल गांधी की खोपड़ी उल्टी है। उन्हें समझ ही नहीं है कि असलियत क्या है।
मांझी ने आगे कहा कि इस बिल से 95 प्रतिशत लोग लाभ में हैं, जबकि सिर्फ 5 प्रतिशत मामलों में लेन-देन से जुड़ी बात सामने आती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर 95 प्रतिशत लोग फायदा में हैं और 5 प्रतिशत को थोड़ा नुकसान होता है, तो इसमें कौन-सी बड़ी बात है? लेकिन राहुल जी 5 प्रतिशत को दिखाकर 95 प्रतिशत को नजरअंदाज कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह बिल किसानों और आम लोगों के हित में है और विपक्ष बिना तथ्य के जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी



