Hindi News / politics / ‘स्कूलों में ऐसी व्यवस्था करेंगे कि सारे कोचिंग सेंटर बंद हो जाएंगे’, गयाजी...

‘स्कूलों में ऐसी व्यवस्था करेंगे कि सारे कोचिंग सेंटर बंद हो जाएंगे’, गयाजी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

Bihar Politics: गयाजी में सीएम सम्राट चौधरी ने मॉडल स्कूलों के जरिए कोचिंग सिस्टम खत्म करने, 5 लाख करोड़ निवेश लाने और बिहार में उद्योग-रोजगार बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कानून-व्यवस्था और विकास पर भी बड़ा बयान दिया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 15, 2026, 3:19:34 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: गयाजी के अतरी विधानसभा क्षेत्र के देवगांव में MSME की ओर से 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले टेक्नोलॉजी सेंटर का भूमि पूजन और शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई अहम घोषणाएं और बयान दिए। उन्होंने कहा कि बिहार के सरकारी स्कूलों में ऐसी व्यवस्था करेंगे कि सारे कोचिंग सेंटर बंद हो जाएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मॉडल स्कूलों को इस तरह विकसित किया जाएगा कि भविष्य में कोचिंग सेंटर्स की जरूरत ही न पड़े। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में ऐसी व्यवस्था की जा रही है जहां छात्र देर रात तक पढ़ाई कर सकें और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी यहीं पूरी हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय आएगा जब बिहार में कोचिंग सेंटर्स की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी और सरकारी स्कूल ही मुख्य शिक्षा केंद्र बनेंगे।


सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को या तो जेल में होना चाहिए या फिर उनका प्रभाव पूरी तरह खत्म होना चाहिए। उन्होंने गयाजी में कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सुशासन तभी कायम रहेगा जब अपराध पर लगातार सख्ती बनी रहे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ है और लगभग 1 करोड़ 87 लाख लोगों को सीधे रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली कनेक्शन 17 लाख से बढ़कर 2 करोड़ से अधिक हो गए हैं और बिहार में देश की सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है।


उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपयोग करने पर अतिरिक्त यूनिट का खर्च सरकार वहन करेगी और राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए उद्योग-धंधों को बढ़ावा दिया जा रहा है।


उन्होंने बिहार के बाहर रह रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे राज्य में लौटकर उद्योग और व्यवसाय शुरू करें, जिससे बिहार तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। प्रशासन अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करता रहेगा।

रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी