Bihar Politics: हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा है दलित, पिछड़े व अति पिछड़ों के बिदकने से बिहार में राजद-कांग्रेस की इस बार लुटिया डुबने वाली है। यही वजह है कि राहुल गांधी इस साल के अब तक बीते 5 महीने में पांचवी बार आगामी 06 जून को बिहार आकर अतिपिछड़ों के सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।
संतोष सुमन ने कहा कि दलित, पिछड़े व अतिपिछड़ों की अनदेखी करने वाले राजद-कांग्रेस को केवल इस तबके का वोट चाहिए। बिहार में 23 वर्षों तक पंचायत चुनाव नहीं कराने वाली राजद-कांग्रेस की सरकार ने जब 2001 में चुनाव कराया तो आरक्षण नहीं देकर अतिपिछड़ों की हकमारी कर ली। नतीजतन हजारों अतिपिछड़े जनप्रतिनिधि बनने से वंचित हो गए।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार दलितों, पिछड़ों को लेकर घड़ियाली आंसू बहाने वाली कांग्रेस का मंसूबा उनके निर्धारित आरक्षण के एक हिस्से की कटौती कर उसे अल्पसंख्यकों को देना है। थोड़े दिन पहले ही राहुल गांधी ने अमेरिका में जाकर बयान दिया था कि उनकी सरकार बनी तो वे आरक्षण की व्यवस्था को ही खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे में बिहार के दलितों, पिछड़ों व अतिपिछड़ों को राजद-कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। राजद-कांग्रेस के आतंक, दहशत और अपमान से भरे शासनकाल की यादें आज भी ताजा है।


