Hindi News / politics / पटना में JDU विधानमंडल दल की अहम बैठक, नीतीश कुमार के नेतृत्व में...

पटना में JDU विधानमंडल दल की अहम बैठक, नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुना जाएगा पार्टी का नेता

JDU Meeting: जेडीयू ने आज विधानमंडल दल की बैठक बुलाई है. बैठक की अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार करेंगे. नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज जेडीयू विधानमंडल दल के नेता का चुनाव होगा.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 20, 2026, 7:14:03 AM

JDU Meeting

आज तय होगा जेडीयू का भविष्य - फ़ोटो Google

JDU Meeting: नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सम्राट चौधरी अब भाजपा विधानमंडल दल के नेता के रूप में राज्य के नए मुख्यमंत्री बन चुके हैं। वहीं, जनता दल (यू) में अब नीतीश कुमार की जगह नए चेहरे को लेकर मंथन जारी है।


जदयू विधानमंडल दल की अहम बैठक सोमवार को बुलाई गई है। यह बैठक सुबह 11 बजे एक अणे मार्ग में होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। बैठक में विधानमंडल दल के नेता और उपनेता का चुनाव किया जाएगा। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे।


जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में विधानसभा में जदयू के 85 विधायक हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और विजेन्द्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री पद संभाल रहे हैं।


करीब दो दशकों तक जदयू और एनडीए विधानमंडल दल का नेतृत्व करने वाले नीतीश कुमार ने स्वेच्छा से पद छोड़ा। उनके बाद पूर्व डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद संभाला। नई सरकार को 24 अप्रैल को सदन में विश्वास मत हासिल करना है, उससे पहले जदयू अपने नए विधानमंडल दल के नेता का चयन करेगी। उम्मीद है कि यह चुनाव सर्वसम्मति से होगा।


बता दें कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने 16 मार्च को हुए चुनाव में जीत दर्ज की और 10 अप्रैल को शपथ ली। 14 अप्रैल को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बदलाव के साथ ही बिहार की राजनीति में करीब 20 साल लंबे नीतीश युग का अंत हो गया है। अब नीतीश कुमार नई भूमिका में राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हो गए हैं, हालांकि उन्होंने बिहार के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।