1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 15, 2026, 10:54:04 AM
जेडीयू से दो डिप्टी सीएम - फ़ोटो Social media
Bihar CM Oath: बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने शपथ ले ली है। सम्राट चौधरी के बाद जेडीयू कोटे से नीतीश कुमार के करीबी विजय कुमार चौधरी ने बिहार के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। उनके बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजेन्द्र प्रसाद यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है।
दरअसल, बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है। बीजेपी कोटे से सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। वहीं जेडीयू कोटे से विजय चौधरी और विजेन्द्र यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। विजय चौधरी और विजेन्द्र यादव नीतीश कुमार के काफी करीबी नेता माने जाते हैं और पिछली कई सरकारों में विभिन्न विभागों के मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं।
शपथ ग्रहण से पहले विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व का विषय है और इसके लिए वे अपने नेता नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आज जो भी मुकाम उन्हें मिला है, वह पूरी तरह से नीतीश कुमार के भरोसे और मार्गदर्शन का परिणाम है।
विजय चौधरी ने कहा कि हमने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ बिहार की जनता की सेवा की है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। आज भले ही वे इस पद पर नहीं हैं, लेकिन हमारे नेता वही हैं और आगे भी हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे।
बता दें कि विजय कुमार चौधरी और विजेन्द्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनाना एनडीए की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें अनुभव और संगठनात्मक संतुलन को प्राथमिकता दी गई है। दोनों नेता लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।