Hindi News / politics / निशांत कुमार के डिप्टी सीएम पद ठुकराने पर आया अनंत सिंह का रिएक्शन,...

निशांत कुमार के डिप्टी सीएम पद ठुकराने पर आया अनंत सिंह का रिएक्शन, नीतीश कुमार को बताया असली मालिक; जानिए.. क्या बोले छोटे सरकार?

Anant Singh: अनंत सिंह ने निशांत कुमार के डिप्टी सीएम पद ठुकराने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह अपने दम पर क्या ही कर पाएंगे. मोकामा विधायक ने नीतीश कुमार को बिहार का असली मालिक बताया और शराबबंदी खत्म करने की मांग दोहराई.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 17, 2026, 7:15:37 PM

Anant Singh

छोटे सरकार के बेबाक बोल - फ़ोटो Reporter

Anant Singh: बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा भले ही बदल गया है लेकिन मालिक नीतीश कुमार ही है। यह कहना है मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह का। अनंत सिंह ने कहा है कि नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी इसमें कहीं कोई शक नहीं है। वहीं उन्होंने निशांत कुमार के डिप्टी सीएम पद ठुकराने पर भी अपनी बात रखी और एक बार फिर से शराबबंदी को खत्म करने की मांग की है।


फर्स्ट बिहार से खास बातचीत में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बड़े ही बेबाक अंदाज में तमाम मुद्दों पर अपनी बातों को रखा। बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने के सवाल पर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार कहीं नहीं गए हैं। दिल्ली कोई विदेश में नही है। नीतीश कुमार भले ही राज्यसभा चले गए हैं लेकिन मालिक वहीं हैं। जो बढ़िया काम करने वाले थे, उन्हें काम दे दिया है। नीतीश कुमार ही मालिक हैं और उन्हीं के मार्गदर्शन में नई सरकार काम करेगी।


वहीं जेडीयू या सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को कोई बड़ी जिम्मेवारी नहीं मिलने पर अनंत सिंह खुलकर बोले। मोकामा विधायक ने कहा कि निशांत को तो बड़ी जिम्मेवारी मिल ही रही थी लेकिन उन्होंने कहा कि वह पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। बहुत लोगों ने निशांत को समझाया लेकिन वह नहीं मानें और कहा कि पहले मेहनत करेंगे, तब कुछ बनेंगे।


निशांत अपने दम पर कुछ बनकर दिखाना चाहते हैं? इस सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि अपने दम पर तो पागलपन ही न होगा, अपने दम पर क्या करेंगे। वह तो पार्टी में रहते और सबसे मिलकर चलते, सभी का बात मानते और नीतीश कुमार की सीट पर आ जाते, वह न बढ़िया होगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने निशांत को समझाने की कोशिश की तह छोटे सरकार ने कहा कि हम तो उनको जानते भी नहीं हैं।


उन्होंने कहा कि बहुत लोगों ने उनको समझाने की कोशिश की लेकिन हमने बात नहीं की है। निशांत को एमएलसी बनाए जाने के सवाल पर मोकामा विधायक ने कहा कि हम तो चाहेंगे ही कि वह आगे बढ़े लेकिन वह किसी का बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वहीं शराबबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि बंद तो होना चाहिए लेकिन खुल जाए तो ठीक होगा। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के कारण छोटे-छोटे बच्चे सूखा नशा की गिरफ्त में आ रहे हैं। हम तो बोल ही रहे हैं कि चालू हो जाना चाहिए। बच्चा सब स्मैकियर बन रहा है।

फर्स्ट बिहार के लिए पटना से सिद्धि सिंह की रिपोर्ट..