1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 10, 2026, 2:54:52 PM
- फ़ोटो Google
Bihar Politics: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के रूप में राजनीति से रिटायर हों, लेकिन अब लगता है कि वे राज्यसभा सदस्य के रूप में ही संन्यास लेंगे।
शुक्रवार को जयपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इंडिया गठबंधन के कई नेता चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ बड़ा धोखा किया है और उनके समर्थकों के साथ भी अन्याय हुआ है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जहां बीजेपी है, वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा है, वहां पीडीए है। उन्होंने यह भी कहा कि वे जयपुर में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सोच को मजबूत करने आए हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा के घोषणापत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने तंज कसा कि भाजपा नेता अपने वादों को कभी पीछे मुड़कर नहीं देखते। उन्होंने कहा कि कभी किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही गई थी, लेकिन महंगाई के हिसाब से देखा जाए तो किसानों की वास्तविक आय में कितना इजाफा हुआ, यह सवाल बना हुआ है।