Hindi News / news / रमा देवी ने आजम खान की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की

रमा देवी ने आजम खान की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की

1st Bihar Published by: 13 Updated Jul 26, 2019, 11:41:11 AM

रमा देवी ने आजम खान की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की

- फ़ोटो

DELHI: लोकसभा में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान ने सदन की अध्यक्षता कर रहीं बीजेपी सांसद रमा देवी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. अब इस मामले पर विवाद बढ़ता जा रहा है. रमा देवी ने आजम खान की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है. रमा देवी ने कहा 'आजम खान ने कभी महिलाओं की इज्जत नहीं की, हमें पता है उन्होंने जया प्रदा को लेकर क्या कहा था. उनको लोकसभा में रहने का कोई हक नहीं है.’ बीजेपी सांसद ने कहा कि वो स्पीकर से आजम खान को बाहर करने की मांग करेंगी. रमा देवी ने आजम खान से माफी की मांग भी की है. आजम खान की टिप्पणी पर गुरुवार को लोकसभा में बीजेपी सांसदों ने हंगामा किया था. हंगामे के बाद रमा देवी ने इन बातों को कार्यवाही से निकलवा दिया हालांकि आजम खान ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने रमा देवी को अपनी बहन बताते हुए ये सब बातें कहीं. लोकसभा में हंगामा इतना बढ़ गया कि स्पीकर ओम बिरला को तुरंत आसन संभालना पड़ा. केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मांग रखी कि आजम खान अपने बयानों के लिए माफी मांगे. ट्रिपल तलाक बिल पर बहस के बीच हुए इस हंगामे पर लोकसभा की कार्यवाही काफी देर तक बर्बाद हुई. स्पीकर ओम बिरला ने साफ तौर पर कहा कि किसी भी स्थिति में सदन की कार्यवाही स्थगित नहीं की जाएगी. स्पीकर ओम बिरला ने जब आजम खान को इस पूरे मामले पर खेद जताने और बोलने का मौका दिया तो आजम खान ने कहा कि अपमानित होकर बोलने से अच्छा है कि मैं ना बोलूं और इतना कहकर वो सदन से बाहर निकल गए.