JHARKHAND: झारखंड के सरायकेला से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। जहां भीषण हादसे में दो महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राजनगर थाना क्षेत्र के चालियामा स्थित रुंगटा प्लांट के 5 नंबर गेट के पास की है जहां एक ई-रिक्शा पर डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। ई-रिक्शा पर 5 लोग सवार थे। जिसमें 3 की मौत हो गयी।
मृतक की पहचान चाईबासा के मकदमबीड़ी निवासी संजय राम टीयू, मां और पत्नी नंदी तियु की मौत हो गयी। वही ई-रिक्शा चालक जसमीत सुरनि घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। ई-रिक्शा से सभी दीपासई पूजा में शामिल होने जा रहे थे तभी बेलगाम डंपर ई-रिक्शा पर पलट गया जिससे यह हादसा हुआ।
इस घटना के बाद चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां की जर्जर सड़क के कारण इस तरह की घटनाएं आए दिन होती है। उबड़-खाबड़ रास्ता पर गाड़ी तेज दौड़ती है जिसके चलते हादसे की संभावना बनी रहती है।
फिलहाल घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, इसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




