1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 19, 2026, 3:41:15 PM
- फ़ोटो Social media
Cockroach Janta Party: भारत की राजनीति में इन दिनों एक अनोखा नाम तेजी से चर्चा और वायरल हो रहा है—‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP)। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह पहल अब युवाओं के गुस्से, बेरोजगारी, सिस्टम से नाराजगी और मीम कल्चर का बड़ा प्रतीक बनती जा रही है। खुद को यह पार्टी “युवाओं की पार्टी, युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए” बताती है और इसका नारा है—“Secular, Socialist, Democratic, Lazy”। इंटरनेट पर हजारों लोग इससे जुड़ चुके हैं और इसे कई लोग नई तरह की डिजिटल राजनीति के रूप में देख रहे हैं।
इस नाम की चर्चा उस विवादित बयान के बाद शुरू हुई, जिसमें कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं, पत्रकारिता, RTI एक्टिविज्म और कानून से जुड़े लोगों की तुलना “कॉकरोच” और “पैरासाइट” से किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि बाद में सफाई दी गई कि बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर यह शब्द ट्रेंड करने लगा था। इसी व्यंग्य से ‘Cockroach Janta Party’ का जन्म हुआ, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर CJP के मीम्स, पोस्ट और वीडियो तेजी से फैल रहे हैं। पार्टी खुद को पूरी तरह डिजिटल मूवमेंट बता रही है और दावा कर रही है कि हजारों युवा इससे जुड़ चुके हैं। मजाकिया अंदाज में इसके पोस्ट में लिखा गया है कि सदस्य बनने के लिए “बेरोजगार”, “क्रोनिकली ऑनलाइन”, “प्रोफेशनल रैंटर” और “आलसी” होना जरूरी है।
हालांकि इस मीम कल्चर के बीच CJP गंभीर मुद्दों को भी उठा रही है—जैसे बेरोजगारी, परीक्षा विवाद, सिस्टम में पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व। पार्टी ने Gen Z वर्चुअल कन्वेंशन आयोजित करने की भी बात कही है, जिसमें युवा नीतियों और शासन पर चर्चा करेंगे। इसके मेनिफेस्टो में चीफ जस्टिस के रिटायरमेंट के बाद राजनीतिक पदों पर रोक, महिलाओं को 50% आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दल-बदल करने वाले नेताओं पर 20 साल का बैन जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। कुछ लोग इसे सिर्फ मीम पॉलिटिक्स मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि यह युवाओं की असली आवाज बन रही है। एक यूजर ने लिखा, “यह पहली पार्टी है जो युवाओं का दर्द समझ रही है।” वहीं दूसरे ने कहा, “अब राजनीति भी इंस्टाग्राम और रेडिट वाली हो गई है।”
फिलहाल यह साफ नहीं है कि CJP आगे चलकर कोई आधिकारिक राजनीतिक पार्टी बनेगी या सिर्फ एक इंटरनेट मूवमेंट रह जाएगी, लेकिन इतना तय है कि इसने डिजिटल स्पेस में नई तरह की राजनीतिक चर्चा जरूर शुरू कर दी है।