Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना सुबह से ही जारी है। कुछ सीटों पर नतीजे सामने आ चुके हैं जबकि अन्य सीटों पर रूझान बीजेपी के पक्ष में जा रहे हैं। रूझानों में आम आदमी पार्टी पिछड़ती नजर आ रही है। केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से लेकर चार महीना पहले सीएम बनीं आतिशी भी अपनी सीट पर पिछड़ती दिख रही हैं। कालकाजी सीट से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी आतिशी को कड़ी टक्कर देते हुए आगे चल रहे हैं।
दरअसल, दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए बीते 5 फरवरी को वोटिंग हुई थी। 8 फरवरी को सुबह से ही मतगणना जारी है। रूझानों के मुताबिक, इस बार दिल्ली की सरकार में बीजेपी की वापसी होती दिख रही है। आम आदमी पार्टी को कड़ी टक्कर देते हुए बीजेपी और उसके सहगोगी दल 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी 23 सीटों पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस रूझानों में भी नहीं है।
अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद चार महीना पहले सीएम बनीं आतिशी कालकाजी सीट से पीछे चल रही हैं। इस सीट से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी आगे निकल गए हैं। इस सीट से कांग्रेस ने अलका लांबा पर दांव खेला था लेकिन वह लड़ाई से बाहर हो गई हैं। कालकाजी सीट से दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनाव लड़ रही हैं लिहाजा हर किसी की नजर इस सीट पर थी। रूझानों को देखें तो आतिशी तेजी से हार की तरफ बढ़ रही हैं।





